म्योरपुर वन रेंज में बरामद अवैध कटान से पकड़ी गई लकड़ियां।
- फोटो : SONBHADRA
म्योरपुर। स्थानीय वन रेंज के सुरक्षित वन क्षेत्र के कटौधी बीट में खैर का पेड़ काटते पांच लोगों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान काटे गए तीन पेड़ों के साथ ही दूसरे स्थान पर रखे लकड़ी के बोटे बरामद किए गए। पकड़े गए लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
म्योरपुर वन रेंज की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कटौधी में छापा मारा। टीम ने पेड़ काटते पांच लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद रेणुकूट डिवीजन की टीम भी डिप्टी रेंजर दीपचंद की अगुवाई में पहुंच गई। मौके पर तीन पेड़ों के 14 बोटे बरामद किए गए। पकड़े गए लोगों की निशानदेही पर आरंगपानी ग्राम पंचायत के काशीकुड़ से बड़ी मात्रा में लकड़ियां बरामद की गई। लकड़ियों को ट्रैक्टर-ट्रालियों से रेंज कार्यालय लाकर सीज कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष पुत्र रामनंदन, लालमन पुत्र सोहर, कमलेश पुत्र भैया राम, शिव कुमार पुत्र बरियारी और देवराज पुत्र रामेश्वर निवासी काशीकुड़ आरंगपानी थाना म्योरपुर शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि वन रेंज के जंगलों में खैर के पेड़ अधिक हैं जिससे इसके तस्कर सक्रिय हैं। कत्थे की वजह से खैर की लकड़ी काफी महंगी बिकती है। वन रेंजर राजेश सोनकर ने बताया कि किसी भी दशा में पेड़ों की कटान नहीं होने दी जाएगी।