दुद्धी। कनहर सिंचाई परियोजना डूब क्षेत्र के गांव में पुनर्वास पैकेज का लाभ पा चुके 1318 विस्थापितों को घर ध्वस्त कर पुनर्वास कालोनी में विस्थापित होने के लिए प्रशासन ने नोटिस देने का कार्य तेज कर दिया है। रविवार को राजस्व विभाग व सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने बरखोरहां गांव में घर-घर जा कर मकान ध्वस्त करने की नोटिस 109 लोगों को दिया।
नोटिस के जरिए विस्थापितो को 15 दिन के अंदर मकान ध्वस्त करने की चेतावनी दी गई है। चेताया गया है कि यदि प्रशासन ने मकान ध्वस्त किया तो उसका खर्च विस्थापित से वसूला जाएगा। जेई राजेश कुमार ने बताया कि पिछले मंगलवार से सभी डूब क्षेत्र के लोगों को बारी-बारी से नोटिस देकर मकान जगह खाली कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में लोग विस्थापन पैकेज की धनराशि लेने के बाद भी डूब क्षेत्र से नहीं हटे हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित कर हटाने के लिए नोटिस जारी की गई हैै। उन्होंने बताया कि कनहर सिंचाई परियोजना में 11 गांव डूब क्षेत्र में हैं। इसमें हरपुरा, गोहड़ा, भिसुर, अमवार भी शामिल है। उन्होंने बताया कि सभी विस्थापितों को आवास बनाने के लिए भूमि आवंटित कर दी गई है और पुनर्वास के पैकेज की धनराशि दे दी गई है। इस दौरान जेई नंदलाल, नीरज प्रजापति, मुकेश कुमार, अभय कुमार शामिल रहे। एसडीएम रमेश कुमार ने कहा है कि यदि डूब क्षेत्र से विस्थापित 15 दिन के भीतर खुद नहीं हटते हैं तो प्रशासन उनके डूब क्षेत्र के मकान को ध्वस्त कर देगा।