वाल्व टूटने से एनसीएल मुख्यालय सहित कई कोयला क्षेत्रों की जलापूर्ति सोमवार को बाधित हो गई। अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है। मंगलवार से आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है।
एनसीएल मुख्यालय समेत कृष्णशिला, बीना, ककरी, झिंगुरदा व ब्लाक बी कोयला क्षेत्रों को पेयजल की आपूर्ति आईडब्ल्यूएसएस (शक्तिनगर) से पाइपलाइन के जरिये होती है। बताया जा रहा है कि औढ़ी-शक्तिनगर फोरलेन सड़क निर्माण के जद में आने मिसरा (भैरवां) गांव के पास 600 एमएम डाया जलापूर्ति लाइन का एअर वाल्व टूट गया। इसके बाद पानी का बहाव शुरू हो गया। यह घटना रविवार रात में हुई। सुबह जानकारी के बाद सप्लाई बंद की गई और मरम्मत का कार्य शुरू कराया लेकिन शाम तक सफलता नहीं मिल सकी। इसके चलते ककरी, बीना व कृष्णशिला के आवासीय परिसरों की जलापूर्ति प्रभावित रही। ककरी कोयला परियोजना में स्थित बूस्टर पंप हाउस तक पानी नहीं पहुंचने से झिंगुरदा, एनसीएल मुख्यालय व ब्लाक बी (गोरबी) को जलापूर्ति नहीं की जा सकी। आईडब्ल्यूएसएस के अभियंता श्याम सुंदर मिश्रा ने बताया कि मरम्मत कार्य युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। जल्द ही आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।