खलियारी। नगवां ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत रायपुर के भूसौलिया टोला में हर घर जल योजना के तहत जलापूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीण पेयजल के लिए परेशान हैं।
इस योजना के तहत जब आपूर्ति शुरू हुई तो ग्राम पंचायत में टैंकर से आपूर्ति भी बंद कर दी गई। ग्रामीण हरे कृष्ण जायसवाल, अशोक कुमार जायसवाल, अखिलेश यादव, सुजीत कुमार, गोपाल सिंह, श्याम सुंदर, परमानंद, गौतम, सुनील कुमार आदि ने बताया कि गांव में महीने भर से नल जल योजना का पानी नहीं आ रहा है। क्षेत्रीय अधिकारियों से शिकायत के बाद भी आपूर्ति शुरू नहीं की गई। पहले तो ग्राम पंचायत की ओर से टैंकर से पानी मिल जाता था, अब वह भी बंद हो चुका है। ऐसे में पानी के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। नगवां ब्लाॅक क्षेत्र के हर घर जल योजना के प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना था कि अभी कुछ महीने पहले सड़क निर्माण कार्य हुआ है, उसी में पाइप अंदर दब गया है। सड़क निर्माण कराने वाले संस्था के अधिकारियों से पाइप लाइन के लिए सड़क खोदने की अनुमति नहीं मिल रही है। उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। वहीं जेई विवेक सिंह का कहना था कि समस्या संज्ञान में आया है। जल्द ही गांव में आपूर्ति कराने का प्रबंध किया जा रहा है।