सोनभद्र। करीब तीन साल पहले हुए रविशंकर गौड़ हत्याकांड में मंगलवार को अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम जितेंद्र कुमार द्विवेदी की अदालत ने दोषी विनोद बैगा को 10 साल कारावास की सजा सुनाई। कोर्ट ने 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
चोपन निवासी कमलेश कुमार गौड़ ने पांच सितंबर 2022 को मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने चोपन थाने में दी गई तहरीर में कहा था कि उसके बड़े भाई रविशंकर गौड़ 31 अगस्त 2022 को गोशाला की तरफ गए थे। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटे तो खोजबीन की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
इसी बीच कुछ लोगों ने बताया कि विनोद बैगा, निवासी बिल्ली मारकुंडी, थाना चोपन के घर की तरफ उनके भाई को जाते हुए देखा था। वह अक्सर विनोद के घर जाते थे। रात होने व बारिश की वजह से सभी लोग घर लौट आए। दूसरे दिन एक सितंबर 2025 को सुबह साढ़े 11 बजे पता चला कि विनोद बैगा के घर के सामने 100 मीटर दूर टीले वाले खेत मे भाई का शव पड़ा है। इस सूचना पर घर के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि भाई के सिर में चोट लगी थी और भाई की मौत हो गई थी।
विनोद बैगा उसके भाई को खाने पीने के लिए बुलाया था। उसे आशंका है कि 31 अगस्त की रात में ही विनोद बैगा ने उसके भाई को लाठी डंडे से पीटकर हत्या कर दी है। विवेचना के बाद सबूतों के साथ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई। मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के तर्क सुनने, गवाहों और साक्ष्य के आधार पर विनोद बैगा को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष कारावास की सजा सुनाई।