प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने नए विंध्य काॅरिडोर को सोनभद्र की तरक्की का गलियारा बताया। कहा कि प्रयागराज से मिर्जापुर होते हुए सोनभद्र तक आने वाला यह कॉरिडोर यूपी को अन्य राज्यों से जोड़ेगा। इसके निर्माण से जिले में जाम और हादसों ही समस्या कम होगी।
निजी दौरे पर छत्तीसगढ़ गए मुख्य सचिव लौटते समय पिपरी स्थित गेस्ट हाउस में रुके। उन्होंने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि प्रदेश में सड़कों के बहुत से काम हुए हैं। जो बचे हैं, वह भी विंध्य कारीडोर से हल हो जाएंगे।
उन्होंने महाकुंभ की व्यवस्थाओं को बेहतर बताते हुए कहा कि वहां सारी व्यवस्था चुस्त दुरुस्त की गई है। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का एक स्थान पर स्नान होना काफी सुखद है। कहा कि हादसा हुआ, लेकिन उसे समय पर ही नियंत्रित कर लिया गया।
उन्होंने छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के श्रद्धालुओं के महाकुंभ से लौटने के दौरान कोई असुविधा न हो, इसके मद्देनजर मुर्धवा मोड़ पर अस्थाई शौचालयों की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।
इसके अलावा उन्होंने पिपरी की भूमि संबंधित समस्या के समाधान का आश्वासन भी दिया। इस मौके पर डीएम बद्रीनाथ सिंह और एसपी अशोक कुमार मीणा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। मुख्य सचिव के आगमन के दौरान एसडीएम निखिल यादव, तहसीलदार ज्ञानेंद्र यादव, डीएफओ भानेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।