रम्पाकुरर के ग्रामीणों से बिजली बिल माफ करने और कम करने के नाम पर ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ग्रामीणों ने क्षेत्रीय अवर अभियंता समेत अन्य कर्मियों को समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की लेकिन हल नहीं हुआ। इसके विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों ने जेई के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।
उन्होंने कहा कि रम्पाकुरर गांव में बिजली बिल माफ करने के नाम पर ग्रामीणों से विभाग के कुछ लोगों ने पैसा ले लिया। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराए जाने की मांग की थी लेकिन कार्रवाई न होने पर मंगलवार को ग्रामीणों ने विभाग के अवर अभियंता, एसएसओ सहित संविदा लाइनमैन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। ग्रामीण इंद्रासो, नन्हकी, जगदेव, हीरालाल, राजकेश्वर, बिहारीलाल, शिव मंगल, गंगेश्वर, बच्चू सिंह, मंगल सिंह, लालता, बाबूलाल, बच्चा आदि का आरोप है कि बिजली बिल हाफ और माफ कराने के नाम पर पैसा वसूला गया लेकिन छह माह बाद भी न तो बिल माफ हुआ न तो रसीद ही मिली। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि विभाग यदि जांच कर कार्रवाई नहीं करता है तो तीन दिन बाद ग्रामीण विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ बभनी थाने में गुहार लगाएंगे। भाजपा मंडल मंत्री व भाजयुमो कार्यकर्ता लालता पांडेय गांव में जाकर ग्रामीणों को शांत कराया और कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर राजेश कुमार, एसडीओ विद्युत विभाग आदि रहे।