राबर्ट्सगंज ब्लॉक के छपका गांव में सड़क मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : SONBHADRA
जिला मुख्यालय से सटे छपका गांव में शनिवार को सड़क की मरम्मत कराने समेत अन्य मांगों का लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान समेत अन्य अधिकारियों को कई बार समस्याओं से अवगत कराया गया लेकिन अभी तक किसी ने ध्यान नहीं दिया।
प्रदर्शन के दौरान शशिकला मोदनवाल, सुषमा, राजबली, रामचंद्र, मालती, सरिता, दुर्गा, सीमा, प्रभावती, लाची, सावित्री, पार्वती, धनेश्वरी सहित ग्रामीणों ने कहा कि छपका गांव के अधिकांश गलियों की सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़कों की मरम्मत को लेकर कई बार ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान व संबंधित विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सड़क पर बिखरी गिट्टियों की चपेट में आकर आए दिन बाइक और साइकिल सवार गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। कहा कि जरूरत के अनुसार टैंकरों से पानी की आपूर्ति तक नहीं की जा रही है। उन्होंने अपनी समस्या की तरफ डीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए दूर करने की मांग की है।