सोनभद्र। लोकसभा चुनाव में सुरक्षा इंतजामों को लेकर पांच राज्यों के पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में मंथन किया। चुनाव के दौरान बाॅर्डर पर आवागमन, नक्सली संचरण रोकने, सूचना आदान-प्रदान, बैरियर लगाने सहित अन्य बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई।
वाराणसी जाेन के एडीजी रामकुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ व मप्र के सीमावर्ती क्षेत्र में अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों की तस्करी, काला धन के संचरण, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की। सभी राज्यों की सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों ने अपनी तैयारियों से अवगत कराया। पुलिस बल के साथ सीमा पर नियमित कांबिंग करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर संबंधित राज्य की पुलिस को भी अवगत कराने और घटनाओं के बारे में त्वरित सूचना देने का निर्देश दिया। बैठक में एडीजी रीवा केपी वेंकटेश्वर राव, आईजी सरगुजा अंकित गर्ग, आईजी आजमगढ़ अखिलेश कुमार, आईजी पलामू राजकुमार लकड़ा, आईजी रीवा मिथिलेश शुक्ला, मंडलायुक्त विंध्याचल डॉ. मुथुकुमार स्वामी बी., डीआईजी आरपी सिंह, डीआईजी शाहाबाद नवीन चंद्र झा, डीआईजी वाराणसी डॉ. ओमप्रकाश सिंह, डीएम चंद्र विजय सिंह, एसपी डॉ. यशवीर सिंह के अलावा मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, कैमूर, सीधी, सिंगरौली, बलरामपुर के एसपी, बलिया, मऊ, छपरा के एएसपी सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।