म्योरपुर। उत्तर प्रदेश एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने सोनभद्र जनपद की समस्याओं के सिलसिले में पत्र सौंपा।
खरवार ने बताया कि सोनभद्र में डिस्ट्रिक्ट माइनिंग फंड (डीएमएफ) का समय पर उपयोग नहीं हो रहा है। यह फंड स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, रोजगार, स्किल डेवलपमेंट और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए होता है। इस मुद्दे पर डीएम की अध्यक्षता में कई बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन अधिकारियों की निष्क्रियता के कारण विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक और सांसद के प्रस्तावों को नजरअंदाज किया जा रहा है। जब जनप्रतिनिधि क्षेत्र में जाते हैं तो लोग मूलभूत सुविधाओं की मांग करते हैं। जनप्रतिनिधि उन्हें आश्वासन देते हैं, लेकिन काम नहीं होने से जनता का विश्वास टूट रहा है। जीत सिंह ने यहां आदिवासी विकास परियोजना के गठन की मांग भी की। उनका कहना है कि इससे आदिवासी समुदाय का समग्र विकास संभव होगा। उन्होंने डीएमएफ के तहत होने वाले कार्यों को जल्द पूरा करने की मांग की है।