सोनभद्र। काफी जद्दोजहद के बाद बहुप्रतीक्षित राजकीय इंटर कॉलेज खुज्झा का निर्माण शुक्रवार को शुरू हो गया। डीआईओएस जयराम सिंह ने भूमि पूजन कर कार्य आरंभ कराया। भूमि विवाद में हाईकोर्ट के स्टे के कारण वर्ष 2021 से काम रुका हुआ था। काफी प्रयास के बाद गत 30 मई को कोर्ट ने स्टे हटाया है। इसके बाद भूमि का सीमांकन कराया गया था। निर्माण शुरू होने के बाद भवन के शीघ्र पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रदेश सरकार ने वर्ष 2018 में राजकीय इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज के निर्माण की घोषणा की थी। इसके लिए खुज्झा में जमीन चिह्नित कर माध्यमिक शिक्षा विभाग को हस्तांतरित किया गया। आवास विकास निगम को कार्यदायी संस्था नामित करते हुए धनराशि आवंटित की गई थी। प्लिंथ और दरवाजे के स्तर तक काम होने के बाद कुछ लोगों ने जमीन पर दावा करते हुए कोर्ट में वाद दायर कर दिया था। इस पर हाईकोर्ट ने स्थगन आदेश कर दिया था। इसके बाद से ही विद्यालय का काम बंद था। लंबी कानूनी प्रक्रिया के चलते करीब चार वर्ष तक काम पूरी तरह ठप रहा। अब डीएम बद्रीनाथ सिंह के प्रयासों से गत 28 व 30 मई मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने विद्यालय निर्माण के लिए स्टे हटा दिया गया। इसके बाद पिछले दिनों कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे डीआईओएस ने भूमि का नए सिरे से सीमांकन कराया था। डीएम के निर्देश पर अब इसका निर्माण भी शुरू करा दिया गया है। शुक्रवार को डीआईओएस ने भूमि पूजन किया। इस मौके पर डीसी अरविंद सिंह चौहान भी मौजूद रहे। बता दें कि इस विद्यालय के संचालन के लिए शासन ने इसी सत्र में चार शिक्षकों की भी तैनाती कर दी है।
जमीन विवाद के कारण चार वर्षों से अटके खुज्झा राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण शुरू करा दिया गया है। ठेकेदार को तेजी से कार्य कराने को कहा गया है, ताकि शीघ्र ही इसका संचालन शुरू कराया जा सके। -जयराम सिंह, डीआईओएस।