अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित ऑपरेटिंग क्लब में 22वीं उमेश चंद्र मिश्र राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में दूसरे दिन फाइनल मैच खेला गया। इसमें मुगलसराय को हराकर वाराणसी की टीम विजेता रही।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुगलसराय रेलवे, वीएल अकेडमी, गाजीपुर, वाराणसी, प्रकाश क्लिनिक रॉबर्ट्सगंज, मप्र, प्रयागराज, लखनऊ की टीमों ने प्रतिभाग किया। मुगलसराय रेलवे, गाजीपुर, वाराणसी और मिर्जापुर सेमीफाइनल में पहुंचीं।
पहले सेमीफाइनल मैच में मुगलसराय रेलवे ने गाजीपुर को हराया तो दूसरे सेमीफाइनल में मिर्जापुर को शिकस्त देकर वाराणसी की टीम विजेता बनी। फाइनल मैच मुगलसराय रेलवे और वाराणसी के बीच खेला गया। इसमें वाराणसी ने कड़े मुकाबले में मुगलसराय रेलवे को 25-23, 25-22 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
विजेता टीम को 15000 और उपविजेता टीम को 10000 का नकद पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनपरा तापीय परियोजना के सीजीएम इं. जेपी कटियार, विशिष्ट अतिथि केसी जैन और आरडी सिंह रहे।
कार्यक्रम में इं. उत्पल शंकर, इं. मनोज यादव, इं. सुशील सिंह, कमलेश कुमार, इं. कमलेश कुमार, डीएन द्विवेदी, शिवप्रकाश, ओमप्रकाश पांडेय आदि ने विशेष सहयोग प्रदान किया। प्रतियोगिता वॉलीबॉल संघ के सचिव सुरेश चंद्र मिश्र की देख रेख में संपन्न हुई।