अनपरा। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग स्थित लैंको गेट के समीप एक ट्रक अनियंत्रित होकर पटरी से नीचे उतर गया जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन से वाहनों को हटवाया तब जाकर जाम समाप्त हुआ।
काशी मोड़, औड़ी मोड़ आदि स्थानों की पटरियों को जल निगम द्वारा खोदकर छोड़ दिया गया है जिससे भारी वाहन गड्ढे में फंस जा रहे हैं। शनिवार की अपराह्न लैंको गेट के समीप गिट्टी लदा एक ट्रक बैक करते समय पटरी से उतर गया जिससे उसका पिछला हिस्सा नीचे गड्ढे में चला गया। ट्रक चालक ने काफी प्रयास किया लेकिन लोड ट्रक होने के कारण ट्रक नहीं निकल सका। व्यस्त सड़क होने के कारण देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की सहायता से जब वाहन को हटवाया तब जाकर जाम समाप्त हुआ। दो घंटे से अधिक समय से लगे जाम के कारण लोग गर्मी से परेशान हो उठे। सड़कों की मरम्मत न होने से लोगों ने आक्रोश जताया।