ट्रक पर लदे चावल के बोरियों की चेकिंग के दौरान निकलता कफ सिरप । - स्रोत पुलिस।
सोनभद्र। जिले की एसओजी ने 15 दिन के भीतर दूसरी बार प्रतिबंधित कफ सिरप की बरामदगी की है। सूचना के आधार पर रविवार की भोर में झारखंड के रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र से यूपी पुलिस ने प्रतिबंधित फ्रेंसाड्रिप कफ सिरप की खेप पकड़ी। ट्रक में चावल की बोरियों में छिपाए गए कफ सिरप की 13400 से अधिक शिशियां बरामद हुईं।
पुलिस ने ट्रक चालक मुंबई निवासी वसीम शेख को गिरफ्तार कर लिया। कफ सिरप और वाहन की कीमत लगभग एक करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में वसीम शेख ने बताया कि वह वाहन को झारखंड के आखिरी छोर नेवड़ी तक ले जाता। वहां से दूसरा चालक उसे लेकर बिहार जाता है। पूछताछ के बाद कफ सिरप और चालक को स्थानीय थाने की पुलिस को सौंप दिया गया।
गत 18 अक्तूबर की रात पुलिस और आबकारी महकमे की टीम ने राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र से दो कंटेनरों से लगभग साढ़े तीन करोड़ से अधिक का प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया था। तीन आरोपी गिरफ्तार भी किए गए थे। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तीन और आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में सोनभद्र की क्राइम ब्रांच की एक टीम गाजियाबाद में प्रतिबंधित कफ सिरप के धंधेबाजों के बारे में जानकारी जुटा रही थी।
रविवार की भोर में करीब तीन बजे एसओजी इंचार्ज राजेश चौबे को गाजियाबाद में जांच कर रही क्राइम ब्रांच की टीम ने सूचना दी कि सोनभद्र होते हुए कफ सिरप लदा ट्रक आगे बढ़ा है। लोकेशन के आधार पर पता चला कि ट्रक झारखंड के डाल्टेनगंज पहुंचने वाला है। इस पर एसओजी की पांच सदस्यीय टीम ने ट्रक का पीछा किया। लातेहार में जाम मिलने पर रांची पुलिस से संपर्क कर सिरप लदे ट्रक को मांडर थाना क्षेत्र में पकड़ लिया गया। ट्रक में लदे चावल की बोरियों की तलाशी ली गई तो पता चला कि प्रतिबंधित फ्रेंसाड्रिप कफ सिरप की 13400 से अधिक शीशियां लदी हैं।
एसओजी टीम ने झारखंड के रांची तक जाकर प्रतिबंधित सिरप बरामद किया है। एक को गिरफ्तार किया गया है। सिरप और गिरफ्तार किए गए तस्कर को वहां की पुलिस को सौंप दिया गया है। एसओजी की टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। - अभिषेक वर्मा, एसपी सोनभद्र।