सोनभद्र जिले में एक युवक के खिलाफ पांच युवतियों से शादी करके चार से नाता तोड़े जाने का मामला जिला प्रोबेशन अधिकारी के पास पहुंचा है। चार पीड़ित महिलाओं ने युवक के खिलाफ लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायती पत्र मिलने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी (डीपीओ) आरोपी के खिलाफ नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहे हैं।
राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने अपने प्रेम जाल में चार युवतियों को फंसाकर उनके साथ बारी-बारी से शादी की। शादी के दौरान किसी युवती को नहीं बताया कि उसकी पूर्व में शादी हो चुकी है। आरोप है कि युवक ने अब चार युवतियों से शादी करने के बाद उन्हें छोड़ दिया है।
वर्तमान में वह पांचवी पत्नी के साथ रह रहा है। जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र पौत्सायन ने बताया कि चार युवतियों ने एक युवक के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है। पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया है कि एक युवक अपने प्रेम जाल में फंसा कर उन लोगों से शादी की।
उनको पता नहीं था कि पूर्व में युवक की शादी हो चुकी है। शादी के बाद उन लोगों के साथ रहता भी था। दो महिलाओं से एक-एक बच्चे भी हैं। वर्तमान में युवक ने सभी चार युवतियों से नाता तोड़ लिया है। उन्होंने बताया कि शादी करके चार युवतियों को छोड़ने के आरोपी युवक को नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है। कहा कि नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।