घोरावल विस सीट पर भाजपा और सपा में कड़ी टक्कर मानी जा रही थी। इससे इतर पहले ही राउंड से भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त बनानी शुरू की तो 21 हजार से भी अधिक अंतर से जीत दर्ज की। भाजपा के अनिल कुमार मौर्य चौथी और लगातार दूसरी बार विधानसभा पहुंचने में कामयाब हुए हैं।
पिछले चुनाव में भी सपा के रमेश दुबे को ही हराकर उन्होंने जीत दर्ज की थी। इससे पहले वह वर्ष 2002 और 2007 में राजगढ़ सीट से बसपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी भूपेश चौबे लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने में सफल रहे।
उन्होंने सपा के अविनाश कुशवाहा को शिकस्त दी। पिछले चुनाव में भी उनका मुकाबला सपा के अविनाश से ही था। बस अंतर काफी कम हो गया है। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित ओबरा सीट पर भाजपा के संजीव सिंह गोंड ने सपा के अरविंद कुमार उर्फ सुनील गोंड को करारी शिकस्त दी।
संजीव सिंह भाजपा सरकार में समाज कल्याण राज्य मंत्री भी रहे हैं। इस सीट पर उनकी जीत पहले से ही तय मानी जा रही थी। सबसे रोचक मुकाबला दुद्धी सीट पर रहा। यहां से पहली बार मैदान में उतरे भाजपा के रामदुलार गोंड ने अपने राजनीतिक गुरु और सपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री विजय सिंह गोंड को नजदीकी अंतर से हराया है।
विधानसभा क्षेत्रः घोरावल
- डॉ. अनिल कुमार मौर्य, भाजपाः 101120 वोट
- ई. रमेश चंद्र दुबे, सपाः 76775 वोट
- मोहन सिंह कुशवाहा, बसपाः 46814 वोट
विधानसभा क्षेत्रः राबर्ट्सगंज
- भूपेश चौबे, भाजपाः 84354 वोट
- अविनाश कुशवाहा, सपाः 78449 वोट
- अविनाश शुक्लाः बसपाः 32799 वोट
विधानसभा क्षेत्रः ओबरा
- संजीव कुमार, भाजपाः 78243 वोट
- अरविंद कुमारः सपाः 51526 वोट
- सुभाष खरवारः बसपाः 20096 वोट
विधानसभा क्षेत्रः दुद्धी
- रामदुलारः भाजपाः 84295 वोट
- विजय सिंहः सपाः 77572 वोट
- हरिरामः बसपाः 23825 वोट
विधानसभा चुनाव के नतीजे बृहस्पतिवार देी शाम तक आए। सुबह से ही लोग मतगणना का परिणाम देखने के लिए अपने घरों और प्रतिष्ठानों में टीवी और मोबाइल से चिपके रहे। इस दौरान कुछ के चेहरे खिले रहे, तो कई के चेहरे पर मायूसी छायी रही।
विधानसभा चुनाव के परिणाम आने से पहले ही कई पार्टियों के कार्यकर्ताओं और नेताओं में परिणाम पूर्व ही हताशा देखने को मिली। एक तरफ जहां भाजपा के चुनाव कैंप कार्यालय में सुबह से ही कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।
सपा खेमे में सुबह उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ता भी भारी संख्या में वहां मौजूद रहे लेकिन दोपहर बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह कम होने लगा। सुबह की अपेक्षा दोपहर में संख्या भी काफी कम हो गई। अन्य पार्टियों के कार्यालयों पर भी मायूसी छाई रही।
बहुजन समाज पार्टी के बढ़ौली चौराहा स्थित चुनाव कार्यालय में सुबह से ही सन्नाटा छाया रहा। यहां न तो कोई नेता मौजूद रहा और न ही कोई समर्थक ही नजर आया। आम दिनों में गुलजार रहने वाले इस कार्यालय पर बृहस्पतिवार को सन्नाटा पसरा रहा।
देश में केंद्र में सबसे अधिक समय तक और प्रदेश में भी लंबे समय तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस पार्टी को इस बार चुनाव में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। मगर चुनाव परिणाम से पूर्व ही पार्टी खेमे में सुबह से ही मायूसी रही।
एक ओर जहां कई पार्टियों के कार्यकर्ता सुबह जोश में नजर आए, तो पार्टी के उरमौरा स्थित पार्टी कार्यालय पर गहरा सन्नाटा और मायूसी छायी रही। कोई भी पार्टी कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर नहीं पहुंचा। कार्यालय पर दिन भर ताला लटकता रहा।