छोटे व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं। इस सरकार ने रीढ़ को ही कमजोर कर दिया। कहा कि यूपी सरकार की गलत नीतियों से यहां छुट्टा पशुओं की समस्या है। छत्तीसगढ़ में भी यही समस्या थी लेकिन वहां की सरकार ने इसके लिए नीति बनाई। गोबर खरीदने की योजना से लोगों ने छुट्टा पशुओं को अपने पास रखना शुरू कर दिया।
समस्याएं दूर तभी होंगी, जब सरकार की नीति और नीयत ठीक होगी। भाजपा सरकार के लोग चुनाव के समय आपके बीच आकर मुफ्त राशन, नमक, खाते में पैसा देने की याद दिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो हम भर्ती क्रांति लाएंगे। परीक्षा और नियुक्ति की प्रक्रिया में सिर्फ छह माह का अंतर होगा।
अगर कोई अधिकारी इसमें फेरबदल करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए भी कानून लाएंगे। परीक्षा में शामिल होने के लिए यात्रा मुफ्त होगी। महिलाओं के लिए बसों में सफर मुफ्त होगा। घोषणा पत्र में किए गए वादे गिनाते हुए प्रियंका ने कहा कि हम नहीं चाहते कि आप पिछड़े और गरीब बने रहें।
आप सशक्त बनिए, अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाइए। लोकतंत्र में वोट की ताकत सबसे बड़ी होती है। अपना वोट जिम्मेदारी के साथ ऐसे व्यक्ति को दीजिए, जो आपकी समस्याओं का समाधान ढूंढे और उसे दूर कराने के लिए लड़ सके। कांग्रेस की सरकार बनने पर महंगाई कम होगी। रोजगार मिलेगा।
प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा धर्म और जाति के नाम पर गरीबों और युवाओं को गुमराह कर रही है। युवाओं को रोजगार देने की बजाए उन्हें भड़का और बरगलाकर सत्ता में बने रहना चाहती है। गरीबों को और गरीब बनाने की साजिश की जा रही है। प्रधानमंत्री किसानों को बकाया तो नहीं दे पा रहे लेकिन अपने लिए 16 हजार करोड़ का जहाज खरीद कर घूम रहे हैं।
देश में गरीबों व नौजवानों को रोजगार देने के बजाए उन्हें जाति और धर्म के नाम पर गुमराह कर रहे हैं। भाजपा नेताओं के संरक्षण में माफिया खुलेआम घूम रहे हैं और सरकार अपराध मुक्त प्रदेश का दावा कर रही है। जिस केंद्रीय राज्य मंत्री के बेटे ने किसानों को रौंद दिया, उसी को अपने साथ लेकर गृहमंत्री घूम रहे हैं। देश में गरीब को और गरीब बनाने की साजिश रची जा रही है।