वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लगातार दूसरे दिन भी जौनपुर आएंगे। बुधवार को ताबड़तोड़ पांच रैलियां करने वाले सपा सुप्रीमो केराकत के तरियारी में चुनावी सभा करेंगे। वहीं, सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का कार्यक्रम एक दिन टल गया है, अब वे चार मार्च को मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के कोलाहलगंज में दिन में डेढ़ बजे से तीन बजे के बीच में चुनावी सभा करेंगे।
चुनावी समर के अंतिम दौर में सभी दलों ने ताकत झोंक दी है। पीएम मोदी की जनसभा के बाद सियासी पारे को चढ़ाने सपा और कांग्रेस के दिग्गज भी तीन मार्च को जिले में आ रहे हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव नगर के हाइडिल मैदान में जनसभा करेंगे तो कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की सभा ओबरा के रामलीला मैदान में होगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता जोर-शोर से जुटे हुए हैं। सपा जिलाध्यक्ष विजय यादव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सुबह 11:30 बजे नगर के हाइडिल मैदान पर बने हेलिपैड पर पहुंचेंगे। यहां जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 12 बजे वह यहीं से वाराणसी रवाना हो जाएंगे।