रामगढ़ (सोनभद्र)। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बेलखुड़ी-नौगढ़ मार्ग पर बृहस्पतिवार की रात एक अनियंत्रित एसयूवी कार पलटने के बाद आग की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि कार में सवार सभी पांच लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए।
सोमवार रात लगभग 11 बजे एक एसयूवी 300 वाहन बलुआ चंदौली निवासी अशोक मोदनवाल के यहां से बरक्षा चढ़ाने के बाद नौगढ़ की ओर लौट रही थी। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। जब कार बेलखुड़ी से लगभग एक किलोमीटर पहले पहुंची, तभी एक गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार पलट गई। हालांकि इसके बाद सभी सवार किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन कुछ ही क्षणों में वाहन में आग लग गई। घटना की सूचना पर पन्नूगंज थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गाड़ी जल चुकी थी। कार में सवार चालक अनपरा के डिबुलगंज निवासी अभिनव, रॉबर्ट्सगंज के नई बाजार निवासी अशोक मोदनवाल, संतोष कुमार, शाहगंज के छोटकापुर निवासी संदीप, तेलगुड़वा निवासी मोहनलाल सभी सुरक्षित हैं।