सोनभद्र। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के सोनवट गांव के पास बृहस्पतिवार की देर रात सड़क हादसे में मृत दो युवकों के शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम हुआ। देर शाम शव घर पहुंचा। शव से लिपट कर परिजन बिलख पड़े। दोनों ही युवक छह-छह भाई थे और चौथे नंबर पर थे। वह रॉबर्ट्सगंज से घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
बताते हैं कि रामपुर निवासी अब्दुल समद (26) बृहस्पतिवार की शाम किसी परिचित को छोड़ने बाइक से रॉबर्ट्सगंज आया था। देर शाम वह लौट रहा था। रास्ते में उसे गांव का ही जहांगीर अंसारी (23) मिल गया। दोनों साथ घर लौट रहे थे। सोनवट गांव स्थित विद्यालय के पास अचानक सामने से आ रही बोलेरो से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया था। शुक्रवार को दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे में मृत अब्दुल समद छह भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसकी शादी अभी नहीं हुई थी। परिवार में तीन बहनें और मां हैं। उधर, जहांगीर भी छह भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसकी भी शादी नहीं हुई है। देर शाम शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पूरा परिवार बकरीद की खुशियां मनाने में जुटा था, लेकिन उससे पहले ही दोनों युवकों की मौत ने सबको स्तब्ध कर दिया।