सोनभद्र जिले के हाथीनाला थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक से टकराई, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की।
रेणुकूट मार्ग पर मंगलवार की रात सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार रात लगभग आठ बजे दो युवक बाइक से रेणुकूट जा रहे थे। हाथीनाला थाने से करीब तीन किलोमीटर पहले उनकी बाइक असंतुलित होकर खड़े ट्रक में भिड़ गई। हादसे में बाइक चला रहा विशाल (25) पुत्र तेजबली और संजय (16) पुत्र विजय निवासी रनटोला, थाना म्योरपुर की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची हाथीनाला पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। थाना प्रभारी भैया एसपी सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। विशाल की पहचान हो गई है, जबकि दूसरे युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार परिजनों को सूचना दे दी गई है, लेकिन वह अभी थाने नहीं पहुंचे हैं। परिजनों के आने के बाद ही पंचनामा व अन्य विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि दोनों युवक घर से रेणुकूट मार्केट जाने की बात कहकर निकले थे। किन परिस्थितियों में हादसा हुआ, इसकी जांच की जा रही है।