चुर्क/कोन। अलग-अलग स्थानों पर करंट की चपेट में आने से रविवार को दो लोगों की मौत हो गई। चुर्क पुलिस चौकी क्षेत्र के मुसही गांव में रविवार को करंट की चपेट में आने से श्याम सुंदर मौर्य उर्फ बुल्लू (35 ) की मौत हो गई। घर का इकलौता चिराग बुझने से परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला लौकवाखाडी निवासी उदित कुमार (25) की करंट लगने से मौत हो गई। उदित अपने घर में ही मोबाइल चार्ज में लगा रहे थे, इसी बीच वह करंट की चपेट में आ गए।
रविवार को दोपहर करीब 12 बजे मुसही गांव निवासी श्यामसुंदर (35) अपने घर में बिजली बना रहे थे। इस बीच वह करंट की चपेट में आकर गिर पड़े। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से घरवाले श्याम सुंदर को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। श्यामसुंदर से दो बच्चे हैं। उधर, स्वास्थ्य कर्मियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुट गई। श्यामसुंदर माता-पिता की इकलौती संतान थे। उधर, कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला लौकवाखाडी निवासी उदित कुमार (25) की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। उदित अपने घर में ही मोबाइल चार्ज में लगा रहा थे। इसी बीच बोर्ड में अचानक करंट उतरने से उदित उसकी चपेट में आ गए। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी स्वास्थ्य केन्द्र भेज दिया गया है।