सोनभद्र जिले के करमा थाना क्षेत्र के कसया खुर्द गांव के समीप बृहस्पतिवार की रात ट्रैक्टर- ट्राली पलटने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में छह अन्य श्रमिक भी घायल हुए हैं। वह सोलर पावर प्लांट से 132 केवी लाइन खींचने के काम में लगे थे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
कैसे हुआ हादसा
झकाही में सोलर पावर प्लांट का निर्माण चल रहा है। इसे ग्रिड से जोड़ने के लिए पसही तक 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन खींची जा रही है। इस कार्य में लगे मजदूर बृहस्पतिवार की रात काम खत्म होने के बाद ट्रैक्टर ट्राली से पसही उपकेंद्र पर लौट रहे थे।
विज्ञापन
मिर्जापुर-हिंदुआरी मार्ग पर कसया खुर्द गांव में मां विंध्यवासिनी इंटर कॉलेज के पास ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली पर सवार मजदूर इसके नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पुलिस को दी गई।
आनन-फानन सभी मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शाहजहांपुर निवासी सोन पाल (24) और अभिषेक मिश्र (26) को मृत घोषित कर दिया। अंकित वर्मा और प्रदीप कुमार को भी गंभीर चोट आई। अन्य चार मजदूर को हल्की चोट आई है। करमा थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मजदूरों के घरवालों को सूचित किया गया है। उनके आने के बाद तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई जाएगी।