बभनी - अम्बिकापुर मार्ग पर परसाटोला तिराहे पर आमने-सामने भिड़े ट्रक। स्रोत जागरूक पाठक
बभनी थाना क्षेत्र के बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर परसाटोला बाजार के पास शुक्रवार को ओवरटेक के दौरान दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक घायल हो गया। एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार, रेणुकूट से एल्यूमीनियम लादकर छत्तीसगढ़ जा रहा ट्रक परसाटोला बाजार के पास एक ट्रेलर को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान मोड़ पर सामने से रायगढ़ से लोहे की पाइप लादकर आ रहे दूसरे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र के खुशीहाल का पुरवा निवासी ट्रक चालक सुरेश पुत्र मैथूलाल यादव घायल हो गए। वहीं, दूसरे ट्रक के चालक सोनभद्र के पिपरी थाना क्षेत्र के मकरा निवासी रोहित कुमार पुत्र शिव दयाल सिंह बाल-बाल बच गए।
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और भीड़ जुट गई। सूचना पर पीआरवी टीम भी पहुंची। इसके बाद उपनिरीक्षक मक्खन लाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही हादसे की जानकारी जुटाई।