डॉक्टर को कोरियर सर्विस के जरिए भेजा गया पार्सल के रसीद और धारदार हथियार। - संवाद
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कम्हारी स्थित जीवनदीप हास्पिटल के संचालक डॉ. रामराज सिंह पटेल को कूरियर के जरिये धारदार हथियार (चापड़) भेजे जाने का मामला सामने आया है।
शुक्रवार को तीन घंटे के अंतराल में डॉक्टर के नाम से धारदार हथियार के दो पार्सल पहुंचने से हड़कंप मच गया। तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कम्हारी स्थित अस्पताल में शुक्रवार को दोपहर तीन बजे डिलीवरी ब्वाय एक पार्सल लेकर पहुंचा। उस पर अस्पताल का पता लिखा था। अस्पताल के कर्मचारी ने 799 रुपये देकर पार्सल ले लिया। इसके बाद शाम को छह बजे दूसरा युवक पार्सल लेकर पहुंचा।
इसका शुल्क पहले से मिलने की बात कहते हुए अस्पताल के एक कर्मचारी को पार्सल देकर वह चला गया। अलग-अलग कंपनी के नाम से पार्सल और उस पर एक ही शुल्क दर्ज होने से गड़बड़ी का अंदेशा हुआ। कैश ऑन डिलीवरी लिखा हाेने के बाद भी रुपये लिए बिना पार्सल देने के बारे में कर्मचारियों ने डाॅ. रामराज को बताया। उन्होंने पार्सल खोलवाया तो दोनों में एक ही तरह के धारदार हथियार मौजूद थे।
डॉ. रामराज ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने छानबीन की। इसके बाद नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार पांडेय के साथ डाॅ. रामराज ने कोतवाली पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया।
पार्सल पर अंकित क्यूआर कोड से कोई जानकारी नहीं मिल पाई। रॉबर्ट्सगंंज कोतवाल माधव सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।