चोपन बाजार स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप सोमवार की सुबह 9.30 बजे दो बाइक सवार पर सवार चार लोग ट्रक की चपेट में आ गए। घटना में बाइक सवार एक महिला सहित दो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर जुटी लोगों की भीड़ ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक डाला की तरफ से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक की चपेट में आकर मीरा सिंह (55) पत्नी प्रमोद सिंह व सोनू उपाध्याय (32) पुत्र सुरेश उपाध्याय की मौत हुई है। जबकि प्रमोद सिंह (57) व अमरजीत यादव (36) घायल हुए हैं। इसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि चोपन के अवकाश नगर के रहने वाले प्रमोद सिंह अपनी पत्नी मीरा सिंह को लेकर इलाज कराने के लिए बाइक से राबर्ट्सगंज जा रहे थे। वहीं दूसरी तरफ से पटवध निवासी सोनू उपाध्याय अपने दोस्त अमरजीत यादव के साथ डाला की तरफ से आ रहे थे। जैसे ही दोनों बाइक सवार रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तभी डाला की तरफ से गिट्टी लोड कर तेज गति से आ रहे ट्रक ने दोनों बाइक सवारों को अपनी चपेट में लेते हुए कुचल दिया। इस घटना में एक बाइक पर सवार महिला मीरा सिंह और दूसरी बाइक पर सवार सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रमोद सिंह और अमरजीत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्कालचोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहीं दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं घटना के बाद भाग रहे ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा करा दिया है। चालक फरार है।