म्योरपुर। मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर कटबंधवा मोड़ के करीब शुक्रवार की बोलेरो-टीपर की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मध्य प्रदेश के बैढ़न निवासी देवेंद्र चंद्रवंशी (43) अपनी पत्नी रीति (40), पुत्री रिया (18) व पुत्र अंश (06) और आदित्य (12) को बोलेरो में बैठाकर सगाई में शामिल होने के लिए झारखंड के अनुमंता नगर जा रहे थे। मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर कटबंधवा मोड़ के पास बोलेरो और टीपर की आमने सामने टक्कर हो गई। दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी ऐसे में बोलेरो चालक समेत पूरा परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया। आस-पास के लोगों की मदद से पुलिस ने सभी को सीएचसी म्योरपुर भेजा, जहां चिकित्सक ने देवेंद्र चंद्रवंशी और चालक रमेश यादव (45) को मृत घोषित कर दिया। घायलों की हालत गंभीर देखे हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद टीपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। म्योरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में दो की मौत हो गई है, जबकि अन्य को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया है।