लोकसभा चुनाव से पहले पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। कंटेनर में भरकर करीब 1080 पेटी अंग्रेजी शराब चंडीगढ़ से झारखंड ले जाई जा रही थी। लोढ़ी टोल प्लाजा के पास पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान यह शराब पकड़ी। इसकी कीमत करीब 78 लाख रुपये है। पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने मीडिया को बताया कि एएसपी कालू सिंह व सीओ सिटी राहुल पांडेय के निर्देशन में गठित टीम ने शनिवार की रात सर्विलांस की मदद से मिली सूचना के आधार पर लोढ़ी में टोल प्लाजा के समीप जांच की। वाराणसी की ओर से आ रहे एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई तो अंदर अवैध शराब की खेप बरामद हुई। कुल 1080 पेटियों में 9720 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब भरी हुई थी। इंपीरियल ब्लू ब्रांड की यह शराब हरियाणा-पंजाब में बिक्री के लिए वैध थी। पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्कराें को भी पकड़ा। उनकी पहचान कुरुक्षेत्र के शाहबाद थाना अंतर्गत लंडी गांव निवासी जितेंद्र सिंह और यमुनानगर के जगधारी थाना अंतर्गत मुखोर निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वाहन राकेश पाल का है। वह पहले भी इस तरह से अवैध शराब पहुंचा चुके हैं। एसपी ने बताया कि मामले में जालसाजी और आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जितेंद्र व संजीव को गिरफ्तार कर लिया गया। राकेश पाल की तलाश की जा रही है। बरामद शराब 78 लाख रुपये, जबकि कंटेनर की कीमत 32 लाख है। पुलिस टीम में सदर कोतवाल सत्येंद्र राय, एसओजी प्रभारी रामस्वरूप वर्मा, आबकारी निरीक्षक रविनंदन, अमित कुमार, सर्विलांस प्रभारी अमित त्रिपाठी आदि शामिल रहे।