सोनभद्र। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क हादसों में दो बुजुर्गों की मौत हो गई। मारकुंडी में सड़क पार कर रहे वृद्ध को बाइक सवार ने टक्कर मार दी तो चुर्क में कार की चपेट में आने से वृद्धा की जान गई।
राबर्ट्सगंज नगर निवासी एक व्यक्ति सोमवार की दोपहर चुर्क क्षेत्र में स्थित अपने खेत पर कार से गए थे। दोपहर बाद वापस लौट रहे थे। इस बीच कार अनियंत्रित होने से रौंप गांव निवासी बुधनी (75) पत्नी फुले को टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। सिर में गंभीर चोट आने के कारण वो अचेत हो गईं। परिजन वृद्धा को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया।
बाइक के धक्के से सड़क पार कर रहे वृद्ध की मौत
सलखन। चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी स्थित एक पब्लिक स्कूल के समीप सड़क पार करने के दौरान बाइक की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। घरवालों की सूचना पर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
मारकुंडी के अवई निवासी मंगरु प्रजापति (70) रविवार को दिन में अपने खेत गए थे। वहां से रात में लौट रहे थे। सड़क पार करते समय वह तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में उनका एक पैर फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद बाइक छोड़कर चालक फरार हो गया। आसपास के लोगों के सहयोग से परिजन वृद्ध को जिला चिकित्सालय ले गए। जहां हालत गंभीर देख डाक्टर उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिए। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान वृद्ध की मौत हो गई।
कच्चे मकान में घुसा बेकाबू ट्रक, गृह स्वामी समेत दो घायल
कोन। थाना क्षेत्र के कोन-चांचीकला मार्ग पर देवाटन में रविवार की रात बेकाबू ट्रक सड़क किनारे स्थित मकान में घुस गया। हादसे में गृह स्वामी समेत दो लोग घायल हो गए। घटना में दो मवेशियों की भी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
चांचीकला से ईंट लादकर ट्रक कोन की ओर जा रहा था। चांचीकला में रामजतन के घर के सामने बंधी बकरी की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके बाद चालक गति बढ़ाकर ट्रक को भगाने लगा। इससे अनियंत्रित होकर ट्रक देवाटन गांव में सड़क किनारे स्थित इफ्तखार के घर में घुस गया। उसकी चपेट में आने से मकान में मौजूद इफ्तखार और उनकी पत्नी घायल हो गईं। अंदर बंधे बछड़े की मौत हो गई। तेज टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। घायल दंपती को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज चल रहा है।घायल इफ्तखार ने बताया कि घटना में कच्चे मकान समेत ऑटो, लोहे की गुमटी, घान कुटने की मशीन, चारपाई, दो साइकिल, दो जानवर समेत लाखों की क्षति हुई है।
सूचना मिलते ही कोन पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों को समझा बुझाकर क्षतिपूर्ति दिलाने के आश्वासन देकर शांत कराया। देर रात ट्रक को थाने ले जाया गया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण पर्वत ने बताया कि बेकाबू ट्रक कच्चे मकान में घुसने से घर समेत सामान की क्षति हुई है। ट्रक गाजीपुर का है। चालक को भी हल्की चोट आई है।