ठुरुक्की गांव के समीप बाइक पर सवार दो युवक नदी में गिर गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरे को गंभीर चोट आई है। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
सुदामा प्रसाद (30) पुत्र रामजी वियार निवासी चपकी और रामलगन (40) पुत्र दादू निवासी चपकी रविवार की शाम बीजपुर प्लांट से काम करके घर लौट रहे थे। जैसे ही वे लोग ठुरुक्की नदी के पास पहुंचे बाइक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। नदी में गिरने से सुदामा की मौत हो गई जबकि रामलगन को गंभीर चोटें आई। पीछे से प्लांट से ही काम करके लौट रहे अन्य मजदूरों ने देखा तोे परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही मृतक के भाई श्रीराम, मनोज कुमार अन्य लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। दोनों बाइकसवार को बाहर निकालकर सीएचसी बभनी ले जाया गया जहां डॉक्टर ने सुदामा को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल रामलगन का उपचार चल रहा है। मौत की खबर सुनते ही घर पर कोहराम मच गया। अस्पताल से बभनी पुलिस को मेमो के माध्यम से सूचना दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने अस्पताल पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। एसओ ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।