कोन में गिरफ्तार की गई दस हजार की इनामी स्टाफ नर्स व दाई। स्रोत: पुलिस
कोन। स्थानीय कस्बे में अवैध रूप से संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान आशा कार्यकर्ता की मौत के मामले में कोन पुलिस ने 10 हजार रुपये की इनामी स्टाफ नर्स समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई।
बागेसोती निवासी आशा कार्यकर्ता सीमा देवी की शनिवार को प्रसव पीड़ा होने पर कोन स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। यहां ऑपरेशन के दौरान उसकी मौत हो गई थी। परिजनों के हंगामे के बाद हुई जांच में अस्पताल बिना पंजीकरण के पाया गया। डीएम के निर्देश पर अस्पताल को सील करते हुए संचालक नसीम अहमद और स्टार्फ नर्स सलमा व अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने फरार कथित चिकित्सक नसीम अहमद पर 25 हजार और स्टाफ नर्स पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सोमवार को कोन पुलिस ने देवाटन निवासी स्टाफ नर्स सलमा और उसकी सहयोगी दाई खरौंधी (झारखंड) के बनखेता निवासी जौरुन बीबी को गिरफ्तार कर लिया। एसओ अखिलेश मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार सलमा कथित रूप से अस्पताल में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थी, जबकि जौरुन बीबी प्रसव कार्य में सहयोग करती थी। दोनों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है। फरार नसीम अहमद की तलाश की जा रही है।