वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर मारकुंडी घाटी में शुक्रवार को केमिकल लदा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक-खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। केमिकल सड़क पर फैलने से कई बाइक सवार भी फिसल गए। घटना से करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने काफी मशक्कत से टैंकर को हटवाकर सड़क खाली कराया।
पीडीडीयूनगर से औद्योगिक केमिकल लेकर टैंकर रेणुकूट जा रहा था। देर रात मारकुंडी घाटी उतरते समय दूसरे मोड़ पर अचानक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें सवार चालक-खलासी घायल हो गए। केमिकल सड़क पर बिखर गया। पीछे से आ रहे कई बाइक सवार इस पर फिसल गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची गुरमा चौकी पुलिस ने घायल चालक-खलासी को जिला अस्पताल पहुंचाया। एक हाइवा व इनोवा भी दुर्घटनाग्रस्त हुई। इसमें किसी को चोट नहीं आई।
हादसे के बाद दोनों तरफ सड़क जाम हो गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद देर रात सड़क से टैंकर हटाने के बाद नए घाटी से सभी वाहनों को निकालने का प्रयास किया गया। सुबह चार बजे तक सभी वाहनों का आवागमन बहाल हो गया। गुरमा चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी व लोढ़ी चौकी प्रभारी विमलेश कुमार सिंह दलबल के साथ मौजूद रहे।