बभनी के करमहल टोला में तेंदूपत्ता लदीं ट्रक में लगी आग।
- फोटो : SONBHADRA
बजिया गांव से तेंदू पत्ता लाद कर जा रहा ट्रक रविवार की दोपहर करमहल टोला गांव स्थित सड़क पर ग्यारह हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आ गया। बिजली के तारों में शार्ट सर्किट होने से निकलने वाली चिंगारी से ट्रक में आग लग गई। संयोग रहा कि आग लगते ही ट्रक में सवार चालक सहित मजदूर खुद की जान बचाकर भाग निकले। उधर घटना की जानकारी होने पर वन निगम के अधिकारी और पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया।
बभनी सेक्सन के बजिया गांव से तेंदू का पत्ता लाद कर जा रहा ट्रक करमहल टोला गांव के पास अचानक ग्यारह हजार तार के संपर्क में आ गया। देखते ही देखते ट्रक धूं-धूं कर जलने लगा। ट्रक चालक मोफिस अहमद निवासी शुकुल बाजार तेंदोआ अमेठी शीशे में ट्रक से धुआं उठता देख वाहन खड़ा कर उतर गया। ट्रक में सवार सभी श्रमिक भी नीचे उतर गए। सूचना पर वन निगम के सेक्सन अधिकारी अनिल कुमार मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि ट्रक में 150 बोरा तेंदु पत्ता लोड कर दुद्धी स्थित डिपो में ले जाया जा रहा था। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक व तेंदू पत्ता जलकर राख हो गया।