दुद्धी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव में शुक्रवार की रात सवारियों से भरी टेंपो को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो चालक विवेक कुमार और सवार शफीक आलम की मौत हो गई। टेंपो में बैठे तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दुद्धी रेलवे स्टेशन से दिघुल गांव निवासी टेंपो चालक विवेक शुक्रवार की रात सवारी लेकर विंढमगंज जा रहा था। जाबर गांव पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने टेंपो को चपेट में ले लिया। जोरदार टक्कर से टेंपो के परखचे उड़ गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। घायलों को टेंपो से निकालकर दुद्धी सीएचसी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने चालक विवेक कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल बघमंदवा निवासी राजेश कुमार शर्मा (35), महुली निवासी शफीक आलम (55), जयगुल (50), जाताजुआ निवासी रवींद्र (35) का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान शफीक ने भी दम तोड़ दिया। कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि टेंपो चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शकीफ का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में होगा।