सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल सोनभद्र के बैनर तले व्यापारियों का एक प्रतिनिधि शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। सभी ने व्यापारियों की समस्याओं को ध्यान में रखकर अभियान चलाने की अपील करते हुए उत्पीड़न रोकने की बात की।
व्यापारियों ने कहा कि जिले में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। सड़क एवं फुटपाथ से अतिक्रमण जरूर हटाया जाय, लेकिन इसकी वजह से व्यापारियों का उत्पीड़न न हो यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। व्यवसाय करने के लिए फुटपाथ व्यवसायियों को उचित स्थान दिया जाना चाहिए। बताया कि बाजार में छोटे-छोटे व्यापारियों की संख्या बहुत ज्यादा है। दुकान भी बहुत छोटे-छोटे हैं। व्यापारी किसी तरह अपना व्यापार चला कर अपना व अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे है।
राबर्ट्सगंज नगर में गहरी नालियां बनी हुई है, जिससे खतरा हो सकता है। इसके बचाव के लिए चबूतरा व धूप बारिश से बचने के लिए छोटे-छोटे शेड लगाए गये हैं। व्यापारी बस यही चाहता है कि इसके बाहर के अतिक्रमण हटाये जाए। व्यापारी कोरोना काल से पहले से ही बहुत परेशान है। ऐसे में इस अभियान से बहुत भयभीत है और डरा हुआ है। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष मुकेश जायसवाल, नगर अध्यक्ष सुरेश केशरी, युवा नगर अध्यक्ष बबलू केशरी, श्याम केशरी, अजय केशरी, विरजू रत्ना, रामचंद्र सोनकर, राजेश बंसल, संदीप सिंह चंदेल, आनंद आदि शामिल रहे।