सोनभद्र। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज शैलेंद्र यादव ने सोमवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। बंदियों से मिलकर उन्हें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान जेल में विधिक साक्षरता शिविर लगाकर कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी (यूटीआरसी) कैंपेन के तहत विचाराधीन बंदियों को चिह्नित किया गया।
निरीक्षण के दौरान बैरकों में कैदियों से मुलाकात कर निशुल्क विधिक सहायता, सजायाफ्ता बंदियों की अपील के प्रावधान के संबंध में नियमित पेशी खान-पान एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में बताया। इसके अलावा पाकशाला एवं जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया। पाठशाला, नवनिर्मित महिला बैरक, पुरुष बैरक, चिकित्सालय व लीगल एड क्लीनिक का भी निरीक्षण किया गया। बैरक में साफ-सफाई व गर्मी से बचाव के लिए किए गए इंतजाम को देखने के बाद बंदियों से उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा गया। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों के सुधार के लिए जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया। जेल अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव, जेलर जगदंबा प्रसाद आदि उपस्थित रहे।