Sonbhadra News: घर में लाश मिलने की सूचना पाकर मौके पर अनपरा थाना की पुलिस पहुंच गई। शव को कब्जे में लेने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। लोगों ने बताया कि बीती रात महिला और उसके पति में जमकर कहासुनी हुई थी। पति ने महिला को पीटा भी था।
अनपरा थाना क्षेत्र के कुलडोमरी गांव में बीती रात पति ने लाठी-डंडे से पीटकर महिला की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना से पहले दोनों में विवाद हुआ था। सोमवार को दोपहर बाद घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
कुलडोमरी गांव के लुत्तीझरिया टोले में सोमवार को सोनमति (35) पत्नी विनोद बैगा का घर में खून से लथपथ शव मिला। दोपहर बाद ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। अनपरा थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति के ही हत्या करने की बात सामने आई है।
देर रात नशे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान उनमें मारपीट हुई। इस दौरान पति ने पत्नी की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। आरोपी पति विनोद बैगा मौके से फरार हो गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया है।