राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता पद के लिए लिखित परीक्षा 14 जून को जिले के चार केंद्रों पर होगी। परीक्षा में 1480 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को डेढ़ घंटा पहले ही केंद्र पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
शनिवार को ब्रिफिंग कर इससे जुड़ी अहम जानकारियां आंतरिक दल को उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न विषयों के प्रवक्ता पद के लिए परीक्षा एक पाली में आयोजित है। इसके लिए रॉबर्ट्सगंज में पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज और चुर्क स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। चारों केंद्रों पर कुल 1480 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि सकुशल ओर शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसकी सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षार्थियों को परीक्षा से डेढ़ घंटे पहले ही केंद्र पर उपस्थित होने को कहा गया है, ताकि जांच और मिलान की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके। सुबह आठ बजे से प्रवेश शुरू होगा।