स्थानीय आंबेडकर स्टेडियम में चल रहे वर्टेक्स क्रिकेट कप टूर्नामेंट के सातवें दिन सुपर किंग्स ने रेड बैक्स को 30 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीआईएसएफ कमांडेंट सतीश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। युवाओं को खेलों से जुड़कर शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का प्रयास करना चाहिए। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपर किंग्स ने निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर 80 रन बनाए। टीम की ओर से सोनू राय ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों में 37 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे। 81 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेड बैक्स की टीम सुपर किंग्स के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। पूरी टीम निर्धारित ओवरों में छह विकेट पर 50 रन ही बना सकी और मुकाबला 30 रन से गंवा बैठी। सुपर किंग्स की जीत में अनुज सिंह ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दो ओवर में मात्र आठ रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।