अनपरा/सलखन। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में रविवार को हुए सड़क हादसों में चार युवक घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में दो की हालत गंभीर है।
पहली घटना वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सलखन पेट्रोल पंप के पास की है। ओबरा के खैरटिया निवासी तीन युवक बाइक से राबर्ट्सगंज की ओर आ रहे थे। सलखन पेट्रोल पंप के पास कंटेनर की चपेट में आने से तीनों घायल हो गए। उनकी पहचान अशोक (22), इंद्र बहादुर (25) और शिवकुमार (22) के रूप में हुई। उनके सिर व पैर में गंभीर चोट आई। तीनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद इंद्र बहादुर व शिवकुमार को वाराणसी रेफर कर दिया गया। दूसरी घटना अनपरा के डिबुलगंज की है। पिपरी थाना क्षेत्र के पाटी ग्राम पंचायत निवासी रामसूरत (20) डिबुलगंज स्थित अपनी बड़ी मां के घर जा रहा था। तभी पीछे से आ रही टैंकर ने उसे चपेट में ले लिया। घटना में रामसूरत के सिर में गंभीर चोटें आई। उसे डिबुलगंज संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया।