डीजल चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश किया है। मामले में चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने उनके पास से चोरी का डीजल, तमंचा, कार बरामद किया है।
पिपरी सीओ अमित कुमार ने बताया कि बैरपान निवासी सुनील कुमार यादव ने रविवार की सुबह पुलिस को तहरीर देकर बैरपान में सड़क किनारे खड़े ट्रक से डीजल चोरी की जानकारी दी थी। केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
रविवार रात लोझरा मार्ग के पास घेरेबंदी कर तीन युवकों को पकड़ा गया। उनके पास से 7 जरकिन में 250 लीटर डीजल, 12 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस, तीन मोबाइल और फर्जी नंबर प्लेट लगी कार बरामद हुआ।
थाने लाकर पूछताछ किया गया तो युवकों ने अपना नाम सिंगरौली के चितरंगी निवासी राजेश कुमार पनिका, राम विशाले सिंह और सुखसेन सिंह बताया। तीनों युवकों का संबंधित धाराओं में कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया। पुलिस टीम में अनपरा एसओ शिव प्रताप वर्मा, एसआई अशोक सिंह, उदयभान राव आदि शामिल रहे।