मारकुंडी पहाड़ी पर सडक हादसे पर पहुंची पुलिस।स्रोत जागरूक पाठक
सलखन/अनपरा/हाथीनाला। जिले में पिछले 24 घंटे में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। अनपरा में रिश्तेदार के अंतिम संस्कार से लौट रहा युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया तो मारकुंडी में बेकाबू ट्रक ने ससुराल जा रहे बाइक सवार को कुचल दिया। चाेपन के परासपानी में दो बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
अनपरा नगर के लालटावर निवासी लालमन खरवार (25) बुधवार को जोगेंद्र ग्राम पंचायत के धुर्वाह में अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में गया हुआ था। देर रात वह बाइक से घर लौट रहा था। मिर्जाधरी मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। लालमन धुर्वाह गांव का रहने वाला था। लाल टावर स्थित अपती ससुराल में वह पत्नी के साथ रहता था। आसपास की परियोजनाओं में मजदूरी करता था। एसओ बृजेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेजा गया है।
दो हादसे वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर हुए। मारकुंडी घाटी स्थित दुर्गा मंदिर के पास रॉबर्ट्सगंज से मारकुंडी की तरफ जा रहे बाइक सवार अवधेश गुप्ता (39) को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे मौके पर उसकी मौत हो गई। अवधेश मधुपुर का रहने वाला था और दिल्ली में रहकर काम करता था। उसकी ससुराल मारकुंडी में है। साले विनोद ने बताया कि कुछ दिन पहले अवधेश घर आया था। बृहस्पतिवार को रॉबर्ट्सगंज मुकदमे के सिलसिले में कचहरी गया था। वहां से ससुराल आ रहा था। रास्ते में वह हादसे का शिकार हो गया। राॅबर्ट्सगंज कोतवाल माधव सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
इसी तरह चोपन थाना क्षेत्र के परासपानी क्षेत्र में एक ढाबा के पास बुधवार को देर शाम को दो बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में कोटा के पतगडी निवासी संजय (35) और जग प्रसाद (50) गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें चोपन सीएचसी ले जाया गया, वहां इलाज के दौरान रात में जग प्रसाद की मौत हो गई। दोनों क्रशर प्लांट में मजदूरी करते थे। एसओ कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।