वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग स्थित सोन नदी पुल पर कार और पिकअप में बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे आमने-सामने की टक्कर हो गई। घटना में चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। इसके बाद लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहीं दुर्घटना के बाद पुल पर जाम लग गया। कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया गया।
पुलिस के मुुताबिक कार सवार तीन लोग वाराणसी से अस्थि विसर्जन कर वापस आ रहे थे। जैसे ही कार सवार सोन नदी पुल पर पहुंचे सामने से आ रही पिकअप से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में कार चालक दीपक (35) पुत्र देवीदयाल निवासी विंढमगंज, शालीग्राम (65) पुत्र दयाराम और भगवानदास (50) पुत्र अज्ञात निवासी मध्यप्रदेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों को किनारे करते हुए पुलिस ने यातायात बहाल कराया।