सिंगरौली के नवानगर में गिरा महुआ का पेड़। स्रोत जागरूक पाठक
बभनी। थाना क्षेत्र के बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर मंगलवार की शाम करीब पांच बजे दरनखाड़ मोड़ के पास टैंकर ने पीआरवी के जवानों और एक युवक को धक्का मार दिया। जिससे तीनों घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में भर्ती कराया गया जहां दो लोगों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
पीआरवी के जवान नीरज कुमार (30) और भीम सिंह (45) दोनों बाइक से सूचना पर दरनखाड़ जा रहे थे। मोड़ के पास रुककर सूचना करने वाले को पूछ रहे थे, तभी रेणुकूट से अंबिकापुर की तरफ जा रहे टैंकर ने धक्का मार दिया। चपेट में आने से पीआरवी के दोनों जवान व बगल में खड़ा युवक इकदीरी निवासी सौरभ (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने पीछा करते हुए टैंकर को धनवार बैरियर के पास पकड़ लिया। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी बभनी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद नीरज कुमार और सौरभ को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। सीओ दुद्धी राजेश कुमार राय मौके पर पहुंच गए और जायजा लिया। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि टैंकर को ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।