म्योरपुर। वन रेंज काचन गांव से सटे खाटाबरन जंगल के कंपार्ट संख्या आठ में काफी संख्या में बेशकीमती पेड़ों के कटान के मामले में रेंजर शहजादा इस्माइलुद्दीन , वन दरोगा विशंभर पटेल वनरक्षक अरविंद तिवारी समेत तीन लोगों को निलंबित कर दिया गया है। म्योरपुर रेंज का अतिरिक्त प्रभार अनपरा के रेंजर को दिया गया है।
काफी संख्या में बेशकीमती पेड़ों के कटान की शिकायत मिलने पर हाल ही में लखनऊ से उच्चस्तरीय जांच टीम ने यहां आई थी। टीम तीन दिन तक यहीं रुकी रही और बीते शुक्रवार को लखनऊ गई। टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट प्रधान मुख्य वन संरक्षक को सौंपी थी। इससे पूर्व पिछले सप्ताह भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य चांद प्रकाश जैन की शिकायत पर शासन ने नोडल अधिकारी मुख्य वन संरक्षक पंकज मिश्रा के नेतृत्व में एक टीम खाटाबरन जंगल के कंपार्ट संख्या आठ में अवैध कटान की जांच के लिए भेजा था। टीम ने पहले कुछ जगहों पर खुद जांच कर दूसरे दिन से पांच टीमों का गठन कर सघन जांच कराई तो पेड़ों के कटान की पुष्टि हुई थी। रेणुकूट वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि उच्चस्तरीय टीम की जांच रिपोर्ट के आधार पर शासन स्तर से ही म्योरपुर के रेंजर समेत तीन लोगों के निलंबन की कार्रवाई की गई है।
जांच रिपोर्ट में वन रक्षक, वन दरोगा और रेंजर की लापरवाही सामने आयी थी। टीम में मुख्य वन संरक्षक प्रयागराज राजीव मिश्रा, वाराणसी के एसडीओ दिनेश कुमार सिंह तथा सोनभद्र डीएफओ संजीव सिंह शामिल रहे। इस दौरान टीम ने अपनी रिपोर्ट तैयार शुक्रवार की शाम प्रधान मुख्य वन संरक्षक को सौंपी थी। सूत्रों का कहना है कि पिछले तीन माह में 107 बेशकीमती पेड़ों के कटान के मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक लखनऊ राजीव कुमार गर्ग ने शुक्रवार को देर रात रेंजर म्योरपुर समेत तीन लोगों को निलंबित कर दिया। जांच के दौरान यह मामला भी सामने आया था कि 42 पेड़ एक मीटर की परिधि से ज्यादा मोटाई के कटे थे, जबकि बाकी उससे कम परिधि के पेड़ों की कटान की बात जांच में सामने आई थी। पेड़ों की कटान के मामले में अभी कुछ और लोगों पर भी गाज गिर सकती है। कुछ और वन रेंजों में पेड़ों की हुई कटान जांच के दायरे में है।
इनसेट
अनपरा रेंजर को मिला म्योरपुर का अतिरिक्त चार्ज
म्योरपुर।स्थानीय वन रेंज के खाटाबरन जंगल में हुई पड़ों की अवैध कटान के मामले में निलंबित किए गए रेंजर शहजादा इस्माइलुद्दीन को मुख्य वन संरक्षक कार्यालय मिर्जापुर से अटैच किए जाने के बाद म्योरपुर का अतिरिक्त प्रभार अनपरा रेंजर नवीन राय को सौंपा गया है। इनके अलावा वन दरोगा विशंभर पटेल को ओबरा तथा वनरक्षक अरविंद तिवारी को रेणुकूट डीएफओ ऑफिस से अटैच किया गया है।