म्योरपुर। स्थानीय विकास खंड की सेंदुर मकरा व पाटी ग्राम पंचायत में अबूझ बीमारी से मौतों का क्रम जारी है। शुक्रवार की रात तीनों लोगों की मौत हो गई। लगातार हो रही मौतों को लेकर ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य कराने के साथ ही मौतों के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग भी की है। वहीं, शनिवार को डीएम टीके शिबू ने गांव में पहुंच हालात का जायजा।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को म्योरपुर विकास खंड की सेंदुर मकरा व पाटी ग्राम पंचायत में अबूझ बीमारी से रंजू (5) पुत्री राम भगत निवासी बोदरहवा की वाराणसी में मौत हो गई, जबकि सुहागी (53) पत्नी टिपरू पनिका की मौत लोढ़ी स्थित जिला अस्पताल में हुई। बिंदु (32 ) पत्नी बाबू बैगा की गांव में ही मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक बिंदु कई महीनों से बीमार थी तथा अपने मायके मड़ईया में ही रहकर उपचार करा रही थी। डीएम ने बोदरहवा टोले में जाकर लोगों से मच्छरदानी के प्रयोग के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मकरा, बिजुल झरिया तथा बोदरहवा टोला का भ्रमण लोगों से मिल रही दवाओं, टैंकर से पानी की आपूर्ति, मच्छरदानी वितरण, साफ-सफाई, फागिंग, डीडीटी का छिड़काव आदि की जानकारी ली। सीएमओ डॉ नेम सिंह ने बताया कि आठ मेडिकल टीमें लगाई गई हैं। कहा कि जिनका मुख्य कार्य घर-घर जाकर के मेडिकल चेकअप करना, खून की जांच करना, टीकाकरण कराना आदि है। सभी विद्यालयों में बच्चों को पूरे शरीर ढकने वाले कपड़े, जूता पहनने तथा बीमारी से बचने के उपाय के बारे में बताया गया है। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी रमेश कुमार, बीडीओ शिव नारायण सिंह, सहायक विकास अधिकारी पंचायत रवि दत्त मिश्र, सीएससी अधीक्षक राजीव रंजन समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
जांच में मिले 14 मलेरिया पॉजिटिव
म्योरपुर। स्थानीय विकास खंड की पाटी ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय वनपैसा में शनिवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों एवं बच्चों के खून की जांच की गई। जांच में विद्यालय में पढ़ने वाले आठ बच्चों तथा छह ग्रामीणों को मलेरिया पॉजिटिव पाया गया। शिविर में मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें दवा का वितरण किया।