जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 24 घंटे के भीतर हुए सड़क हादसों में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सात से अधिक लोग घायल हुए हैं। उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहली घटना घोरावल कोतवाली के परसौना गांव की है। बुधवार सुबह बोलेरो की चपेट में आने से मनटोरा देवी (70) पत्नी जमुना की मौत हो गई। मृतका के पौत्र रविशंकर ने बताया कि उसकी दादी मनटोरा देवी घर के बाहर अलाव जलाकर बैठी थीं। साथ में मां नीला देवी (40), चचेरी बहन कविता (15) पुत्री कल्लू और उसकी चाची (38) भी आग ताप रही थीं। इसी दौरान बेकाबू बोलेरो आग ताप रही महिलाओं के ऊपर चढ़ गया। हादसे में मनटोरा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में नीला देवी, कविता व कल्लू की पत्नी भी घायल हो गई। बोलेरो चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मनटोरा देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। घायल तीनों महिलाओं को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया है।
चोपन: बग्घानाला में मंगलवार की देर रात दो वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत में बहू की डिलिवरी कराने जा रही सास की मौत हो गई। अनपरा क्षेत्र के डिबुलगंज निवासी महिला की डिलिवरी के लिए परिवार के लोग राबर्ट्सगंज जा रहे थे। वैष्णो देवी मंदिर के आगे ओवरब्रिज पर पहुंचते ही चोपन की तरफ से आ रहे एक ट्रक नेे कार में दाहिने तरफ से धक्का मार दिया। टक्कर में कार चालक विनोद (27) पुत्र दशरथ, रेहाना (40) पत्नी लल्लन, शफीक खां (34) पुत्र जाहिर, सुहेल (30) पुत्र मो. हसन सभी निवासी डिबुलगंज अनपरा और इशरत बेगम (45) निवासी रेणुकूट घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और सभी घायलों को चोपन सीएचसी ले गई। यहां रेहाना को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अन्य सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दुद्धी: जीजीआईसी के पास मंगलवार की रात करीब 11 बजे ट्रेलर की चपेट में आने से सवार युवक नीरज (18) पुत्र शिवकुमार विश्वकर्मा की मौत हो गई। युवक दुद्धी निवासी वार्ड नंबर छह धनौरा का निवासी था। वह कस्बे में ही मोटर बाइंडिंग का काम करता था। रात में अपने दोस्त के साथ बाजार में घूमने के लिए निकला था। इसी दौरान ट्रेलर के पिछले चक्के की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। उधर ट्रेलर खड़ा कर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।