चोपन थाना क्षेत्र के करगरा गांव में बुधवार को फुफेरे भाई-बहन समेत तीन लोग सोन नदी में डूब गए। नहाते समय गहरे पानी में जाने से हादसा हुआ। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए डूब रही दो युवतियों को नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन युवक का पता नहीं चल पाया। देर शाम तक गोताखोरों की मदद से पुलिस टीम उसकी तलाश में लगी रही। तीनों शादी समारोह में शामिल होने यहां रिश्तेदारी में आए थे। एक युवती की हालत अभी गंभीर है। उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
करगरा गांव निवासी नागेंद्र पाठक की बेटी की शादी मंगलवार को थी। इसी में शामिल होने उनके कई रिश्तेदार आए हुए थे। बुधवार की सुबह विदाई के बाद कुछ रिश्तेदार सोन नदी के किनारे घूमने चले गए। नदी तट पर पहुंचने के बाद वह नहाने लगे। भदोही जिले के उदयकरनपुर निवासी अंकित दुबे (18), उसकी फुफेरी बहन राजातालाब निवासी दीपा (19) पुत्री वकील तिवारी और मारकुंडी केवटा निवासी साक्षी (18) पुत्री उमाशंकर तिवारी नहाते समय गहरे पानी में चले गए। दीपा और साक्षी डूबने लगीं तो अंकित उन्हें बचाने के लिए दौड़ा, मगर वह भी नदी के बहाव में फंस गया। चीख-पुकार सुनकर किनारे मौजूद लोगों की नजर पड़ी। शोर मचाते हुए लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण साक्षी और फिर दीपा को नदी से निकालकर किनारे ले आए, लेकिन अंकित का पता नहीं चल सका। आनन-फानन में दोनों युवतियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दीपा की हालत गंभीर देख उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। उधर, गोताखोरों की मदद से अंकित की तलाश होती रही। देर शाम तक उसका कहीं पता नहीं चल पाया था। बताते हैं कि करगरा गांव में अंकित के चाचा की ससुराल है। इसी रिश्ते से वह शादी में हिस्सा लेने आया था। घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चोपन एसओ विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि नदी में डूबे युवक की तलाश कराई जा रही है। गोताखोरों को नदी में उतारा गया है। शीघ्र ही उसका पता लगा लिया जाएगा।
घटना के बाद भड़के लोगों ने मचाया हंगामा
सोन नदी में नहाते समय फुफेरे भाई-बहन समेत तीन के डूबने की घटना की खबर मिलते ही ग्रामीण करगरा में नदी तट पर उमड़ पड़े। घटना के लिए नदी में मानक के विपरीत खनन कार्य को कारण बताते हुए लोगों ने हंगामा भी किया। उनका कहना था कि खनन का पट्टा नदी के दूसरे छोर के लिए हुआ है, लेकिन मनमाने तरीके से सीमा के बाहर बालू खनन करते हुए नदी में जगह-जगह गड्ढे बना दिए गए हैं। इस कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। हंगामा की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
परिवार का इकलौता बेटा है अंकित
भदोही जिले के उदयकरनपुर गांव निवासी अंकित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। उसकी दो छोटी बहने हैं। वह अपने चाचा की ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया था। नदी में नहाते समय उसके डूबने की खबर से परिजन सन्न रह गए। माता-पिता व अन्य घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंकित के पिता औराई कोतवाली में होमगार्ड है