स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बीड़र गांव में बुधवार को नफापुल के नीचे गहरी खाई में अनियंत्रित ट्रक पलट गया। इसमें चालक व खलासी की गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बीड़र ग्राम प्रधान सुरेश चंद्र, रजनीश ने बताया कि बुधवार को तड़के सुबह करीब छह बजे झारखंड के गढ़वा से ट्रक हाथीनाला की ओर जा रहा था। बीड़र गांव के नफापुल पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित हुआ और पुलिया की रेलिंग को तोड़ते हुए 20 फीट गहरी खाई में जा गिरा। ट्रक को खाई में गिरा देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद चालक व खलासी को बाहर निकाला। दोनों घायलों को डायल 108 एंबुलेंस से दुद्धी सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने चालक सोहन (40) निवासी मेराल और खलासी मनीष (24) निवासी कुसुम्ही गढ़वा की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।