सदर कोतवाली पुलिस ने डोमरिया गांव के पास से शनिवार की रात में तीन पशुओं के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पशुओं को वध के लिए बंगाल ले जाया जा रहा था। पुलिस पर नजर पड़ते ही पिकअप चालक फरार हो गया। पुलिस तस्करों के खिलाफ गोवध अधिनियम समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
शनिवार को मुखबिर के जरिए कोतवाल सत्य नारायण मिश्रा को सूचना मिली कि डोमरिया गांव के पास एक पिकअप खड़ी है। मवेशियों को उसमें लादकर वध के लिए बंगाल ले जाने की तैयारी है। कोतवाल ने फोर्स के साथ पुलिस चौकी हिंदुआरी प्रभारी संजीव राय को मुखबिर के बताए गए स्थान पर भेजा। हालांकि पुलिस के देखते ही चालक पिकअप लेकर भाग निकला। वहीं दो व्यक्ति मवेशियों को छोड़ कर पैदल भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर भाग रहे दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे पशु तस्करी का काम करते हैं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन को बरामद किया। पिकअप पर लादकर मवेशियों को पश्चिम बंगाल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। चौकी प्रभारी संजीव राय ने बताया कि पकड़े गए सदर कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा गांव निवासी अनीस शाह, इबरार उर्फ झोंटा, पिकअप के मालिक और चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।